कानपुर के हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) का दूसरा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को होगा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के शुभम कुमार सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।
एचबीटीयू के वीसी प्रो. एनबी सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में एसआईसीटीई दिल्ली के चेयरमैन प्रो. अनिल डी सहस्त्रबुद्धे, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव प्राविधिक शिक्षा एस राधा चौहान रहेंगी।
दीक्षांत समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरहों से होगा। मेडल पाने वाले छात्र समारोह में मौजूद होंगे, जबकि जिन्हें डिग्री दी जानी है, वे छात्र ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। कुलाधिपति स्वर्ण पदक के अलावा 35 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।
445 बीटेक, 55 एमसीए और 72 एमटेक छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वाले तीन मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्राथमिक विद्यालय, जागेश्वर मंदिर के 15 मेधावी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में कुलसचिव डॉ. नीरज सिंह, प्रो. नरेंद्र कोहली भी मौजूद रहे।
बिना कोविड टेस्ट के नहीं मिलेगी एंट्री
हॉल के भीतर आने वाले छात्रों, शिक्षकों या कर्मचारियों को कोविड टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट ले जाना जरूरी होगा। बिना रिपोर्ट के प्रवेश नहीं मिलेगा। 350 सीट वाले हॉल में 175 लोगों के ही बैठने की व्यवस्था है। 35 में से 24 छात्र-छात्राओं ने अपनी जांच कराकर निगेटिव रिपोर्ट सौंप दी है। प्रो. एनबी सिंह ने कहा कि अन्य स्टाफ के लिए संस्थान ने कैंप लगवाया था। इसमें दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया है।