एचबीटीयू में जूनियर छात्र को पीटने के मामले में पुलिस ने रविवार को हॉस्टल में छापा मारा। पिटाई करने वाले छह छात्रों को हिरासत में लिया। अन्य छात्रों को एसीपी ने काफी देर तक विवादों से दूर रहने के लिए समझाया। भविष्य में विवाद करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
दरअसल दो दिन पहले इंजीनियरिंग के छात्र को सीनियर छात्रों ने पीट दिया था। शनिवार को छात्र के परिजनों ने नवाबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। तभी दूसरे पक्ष से कुछ वकील भी वहां पहुंचे थे। दोनों के बीच नोकझोंक हुई। बाद में मामला शांत हो गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीपी स्वरूप नगर व्रजनारायण सिंह पुलिस बल के साथ एचबीटीयू पहुंचे। छात्रों को बताया कि कुछ बाहरी युवकों के भी पिटाई में शालिम होने की जानकारी मिली है। उन पर शांतिभंग में कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए छात्रों को बाद में नोटिस देकर छोड़ गया।