कानपुर। पेंट उद्योग के कर्मियों को तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से अब हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करेगी। इसके लिए संस्थान में पेंट के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई है। इस लैब में पाउडर कोटिंग, स्प्रे पेंटिंग समेत विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एचबीटीयू के पेंट विभाग और पेंट इंडस्ट्री के साथ ही पूर्व छात्रों के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई है। पेंट विभाग के प्रमुख प्रो. अरुण मैथानी ने बताया कि इस लैब में कर्मचारियों को तकनीक से मजबूत किया जाएगा। इस कोर्स को पूरा करने से पेंट उद्योग के मौजूदा कर्मचारियों की कुशलता में वृद्धि होगी।
पेंट लैब में प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन इसी साल से शुरू होगा। प्रो. मैथानी ने बताया कि पेंट इंडस्ट्री में पाउडर कोटिंग का प्रयोग तेजी से बढ़ रहा है। कर्मियों को भी पाउडर कोटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। लैब में पाउडर कोटिंग व स्प्रे बूथ बनाया गया है, जिसमें रंगाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पेंट निर्माण की अत्याधुनिक विधियों के लिए भी सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया जाएगा।