हरदोई जिले में संडीला–बेनीगंज मार्ग पर बुधवार की शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, जनपद लखीमपुर खीरी के थाना गोला क्षेत्र के ग्राम भुड़वारा निवासी नूर (22) और शाहनूर (27) सगे भाई हैं।
दोनों संडीला–बेनीगंज मार्ग स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। बुधवार की शाम दोनों किसी काम से बाइक द्वारा संडीला आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम जामू के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला पहुंचाया गया।