हरदोई में शाहाबाद पिहानी मार्ग पर आम की बोरी लेकर बाइक से जा रहा युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के लोनी निवासी अनोस कुमार (21) पिहानी में एक नर्सिंग होम में काम करता था। बुधवार रात की ड्यूटी करने के बाद बृहस्पतिवार को उसने पिहानी बाजार से घर ले जाने के लिए कच्चे आम खरीदे।
विज्ञापन
आम बोरी में भरकर उसने बाइक में अपने आगे ही रख लिए। दिन में लगभग 11 बजे मझिला थाना क्षेत्र में अयारी गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। मझिला थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।