विजय की फाइल फोटो, बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सब्जी लेने जा रहे पिता पुत्र की बाइक में बृहस्पतिवार शाम नगर के मुख्य अंडरपास के निकट खाद लदे ट्रक ने पीछे से टक्कर मारदी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठे पिता सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रक से कुचलकर उनकी मौत हो गई। मौके से पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया। घटना से परिजन बदहवास हो गए।
उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी के गंगादासपुर निवासी विजय कुमार वर्मा (56) बेनीगंज के गांधी इंटर कॉलेज में अध्यापक थे। वह परिवार समेत नगर के बाबा हजाराबाग में रहते थे। बृहस्पतिवार को कॉलेज से लौटने के बाद उन्होंने अपने बेटे यश को नगर के मुख्य चौराहे पर बुलाया था। यश बाइक लेकर चौराहा पर गया था। पिता पुत्र बाइक से सब्जी लेने के लिए उन्नावरोड की तरफ मुड़े। इसी दौरान खाद लदे ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठे विजय सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिए से कुचलकर उनकी मौत हो गई। घटना से यश बदहवास हो गया। जानकारी पर पहुंची मृतक कीपत्नी कल्पना देवी बिलख पड़ीं। मृतक के परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। कोतवाल अनुराग सिंह ने बताया कि शव पोस्टमर्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक और चालक पुलिस के कब्जे में है।