अनिकेश की फाइल फोटो व रोते- बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
पिहानी-हरदोई मार्ग पर हरियाली किसान बाजार के निकट अचानक सामने आए सांड को बचाने में गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में ट्रैक्टर के मेडी गार्ड पर बैठे बीएससी के छात्र की पहिए के नीचे आकर मौत हो गई। हादसे को लेकर घर में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झौनीपुरवा निवासी शिव कुमार का 18 वर्षीय पुत्र अनिकेश गौतम पिहानी-हरदोई रोड के किनारे स्थित अपने खेत से धान भरवा कर अपने ही ट्रैक्टर ट्रॉली से मंडी ले जा रहा था।
ट्रैक्टर महिलरा गांव का मुंशी लाल चला रहा था। हरियाली किसान बाजार के पास अचानक सामने आए सांड को बचाने में अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर सड़क के पश्चिम शीशम के पेड़ से टकरा गया। हादसे में अनिकेश झटका खाकर पहिए के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल अनिकेश को घर वाले सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक फरार हो गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। मां गुड्डी के अनुसार अनिकेश बैजनाथ डिग्री कॉलेज बजेहरा में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था।