गिरफ्तार किए गए चोरों के साथ पुलिस टीम
- फोटो : amar ujala
हरदोई के सदर मालखाने में दो अप्रैल को हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। चोरी में शामिल एक महिला और एक फालोवर समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से मालखाने से चोरी हुआ 300 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी के साथ ही छह असलहे भी बरामद हो गए हैं।
गिरफ्तार किए गए नौ लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। शहर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दो अप्रैल की रात सदर मालखाने में चोरी हुई थी। मिलान के बाद पता चला था कि लगभग 300 ग्राम सोने के जेवर, पांच किलो चांदी के जेवर, चार लाइसेंसी रिवाल्वर, दो कंट्रीमेट पिस्टल चोरी हुई हैं।
मामले का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम के साथ शहर कोतवाली पुलिस को भी लगाया गया था। शुक्रवार की सुबह स्वाट टीम के प्रभारी ब्रज किशोर सिंह, उप निरीक्षक अरविंद कुमार वाहनों की जांच का अभियान चला रहे थे। इसी दौरान धर्मशाला रोड पर नटवीर पुलिया के निकट पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरों के पास से बरामद हुआ माल
- फोटो : amar ujala
इनमें तौफीक पुत्र गुड्डू, नवीन पुत्र राजेंद्र, चांद मियां उर्फ चांदू, अंकित पुत्र श्याम लाल, पूजा पुत्री श्याम लाल, मनीष पुत्र श्यामलाल, गुड्डू पुत्र इब्राहिम निवासी चीलपुरवा हरदोई और करन पुत्र सूर्यप्रताप निवासी चक्की फिरोजाबाद शामिल हैं। मुकुल नाम के फालोवर को भी गिरफ्तार किया गया है।
करन पिछले कुछ समय से हरदोई के ही मोहल्ला चीलपुरवा में रह रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी गया सारा माल पुलिस ने बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि इन्हीं लोगों ने एक अपर जिला जज के कार्यालय में भी ग्रिल काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस की वर्दी में फालोवर ने लखनऊ पहुंचाया था चोरी का माल :
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मुकुल नाम का व्यक्ति फालोवर है। घटना को मुख्य रूप से तौफीक, करन, नवीन और चांदमियां ने अंजाम दिया था। अंकित, पूजा, मनीष, गुड्डू और मुकुल ने चोरी के माल का बंटवारा करने और माल को छिपाने का पूरा इंतजाम किया था।
चोरी के माल को लखनऊ सुरक्षित ले जाने के लिए फालोवर मुकुल ने पुलिस की वर्दी सिलवाई। इसके बाद पुलिस की वर्दी में मनीष के साथ चोरी का माल लेकर लखनऊ छिपाने गया था। पूजा का भी पूरे मामले में अहम किरदार निकला है। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि अभी मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही कुछ और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।