सैकड़ों लोगों के साथ सपा महासचिव ने मनाया बेटे का जन्मदिन
- फोटो : amar ujala
हरदोई के हरपालपुर में अरवल थाना क्षेत्र के बरगदा पुरवा गांव निवासी समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव ने गांव में न सिर्फ बेटे का जन्मदिन धूमधाम मनाया, बल्कि उसमें सैकड़ों की संख्या में भीड़ भी जुटाई। इस मामले में पुलिस ने देर रात सपा महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि इसका वीडियो वायरल होने पर गुरुवार को पुलिस ने सपा नेता समेत सौ लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। बरगदापुरवा गांव निवासी सपा महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव वीरे ने मंगलवार रात अपने पैतृक आवास पर बेटे का जन्मदिन मनाया।
जिसमें सौ से अधिक लोग शामिल हुए। भीड़ में शामिल अधिकांश लोग न तो मास्क लगाए थे और न ही सोशल डिस्टेेंसिंग का पालन कर रहे थे। सपा नेता ने स्वयं इसका वीडियो अपने सोशल मीडिया एकाउंट से वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गुरुवार को सपा नेता वीरेंद्र सिंह यादव वीरे समेत 100 समर्थकों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। अरवल थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।