हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में वरीक्षा से चंद घंटे पहले ग्रेनाइट कंपनी के मशीन ऑपरेटर ने रविवार सुबह बालामऊ-सीतापुर पैसेंजर ट्रेन से कटकर जान दे दी। जैकेट से मिले आधार कार्ड में दर्ज ब्योरे के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी सुरजीत (25) राजस्थान में एक ग्रेनाइट कंपनी में मशीन ऑपरेटर थे।
बीते बुधवार की सुबह ही वह राजस्थान से घर आए थे। दरअसल 26 नवंबर को उनकी चचेरी बहन की शादी थी। साथ ही रविवार को उनकी वरीक्षा भी होनी थी। मां बिट्टारानी ने बताया कि रविवार सुबह लगभग आठ बजे वह स्कूटी से गांव से बिना कुछ बताए निकल गए थे। इसके बाद लगभग साढ़े नौ बजे उनका शव बालामऊ सीतापुर रेलवे ट्रैक पर सादीपुर के पास पिलर संख्या 14/12 व 14/13 के बीच पड़ा मिला।