प्रवासियों की घर वापसी के बीच श्रमिकों के समूह ने किया हरियाणा का रुख
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के हरदोई में कोरोना संकट के बीच गैर जनपदों और प्रदेशों से लगातार गांवों को लौटने की खबरों के बीच शुक्रवार को इसकी ठीक उलट तस्वीर देखने को मिली। बावन विकास खंड के ग्राम बरबन और मिरकापुर से शुक्रवार को 28 श्रमिक एक बस से रोजगार के लिए हरियाणा रवाना हो गए।
हालांकि शुक्रवार को रवाना हुए श्रमिकों में से कोई भी लॉकडाउन के दौरान अपने घरों को वापस नहीं आए थे। बड़ी संख्या में जनपद के लोग गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमांचल प्रदेश, दिल्ली के अलग-अलग शहरों में मजदूरी करते रहे हैं।
कोरोना के कारण उपजे संकट में लॉकडाउन का ऐलान हुआ तो गैर जनपदों और प्रदेशों में काम कर रहे श्रमिकों ने अपने घरों का रुख करना शुरू कर दिया। जनपद में अब तक लगभग 40 हजार लोग गैर जनपदों और प्रदेशों से अपने पैतृक गांवों को लौट चुके हैं।
श्रमिक स्पेशल ट्रेनें अब भी हर रोज प्रवासी श्रमिकों को लेकर वापस आ रही है, लेकिन शुक्रवार को सवायजपुर तहसील क्षेत्र और बावन विकास खंड के ग्राम बरबन व मिरकापुर के 28 श्रमिक एक बस के जरिये हरियाणा के अंबाला के बलाना गांव रवाना हो गए।
बस से हरियाणा जाने से पहले सभी श्रमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचे और अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। सीएचसी अधीक्षक डा. आनंद पांडेय के मुताबिक सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है और सभी स्वस्थ्य मिले हैं।