भोगनीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते डॉक्टर।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। एक सिपाही ने पुखरायां के सीएचसी अधीक्षक के सामने एक डॉक्टर से अभद्रता कर दी। डॉक्टर पर साथी को मार डालने का आरोप लगाया। वीडियो वायरल और शिकायत पर एसपी ने घटना की जांच शुरू कराई है।
गुरुवार रात 11 बजे पुखरायां सीएचसी अधीक्षक डॉ. आदित्य सचान व साथी डॉक्टर बृजेश भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के कालपी बार्डर पर गैर प्रांतों से आने वाले लोगों की जांच के लिए तैनात स्वास्थ्य टीम की उपस्थिति जांचने गए थे। डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि तभी अमरौधा पुलिस चौकी का एक सिपाही आया और डॉक्टर बृजेश पर एक सिपाही को मार डालने का आरोप लगाकर अभद्रता करने लगा। उन्होंने मना किया तो और भी अपशब्द कहे। उन्होंने रात में ही फोन पर अभद्रता की जानकारी भोगनीपुर सीओ आशापाल सिंह, कोतवाल चंद्रशेखर दुबे को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर डॉक्टर रात को ही भोगनीपुर कोतवाली पहुंचे।
वहां उन्होंने मौजूद पुलिस कर्मियों को अभद्रता की जानकारी दी। शुक्रवार को डॉक्टरों की शिकायत का वीडियो वायरल होने और एसपी से शिकायत करने के बाद कार्रवाई शुरू हो सकी। अमरोधा चौकी प्रभारी ने डॉक्टर को फोन कर सिपाही की तरफ से माफी मांगी। एसपी अनुराग वत्स ने कहा कि सिपाही द्वारा डॉक्टर से अभद्रता करने की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।