पचदेवरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम से दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से 300 मीटर दूर गांव के बरसाती नाले की झाड़ियों में पुवाल के नीचे से अर्द्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोपी मूलरूप से बिहार का रहने वाला है और गांव के एक व्यक्ति के यहां पिछले कुछ दिनों से काम कर रहा था।
एक गांव निवासी व्यक्ति मैनपुरी में मैदा फैक्टरी में काम करता है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। उसकी बड़ी बेटी (6) रविवार सुबह मकान के बाहर चारपाई पर बैठी थी। इसके कुछ देर बाद वह लापता हो गई। पहले तो परिजनों ने ध्यान नही दिया, लेकिन कई घंटे बाद भी बच्ची नहीं दिखी तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी देर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कुछ ग्रामीणों ने गांव में ही एक सेवानिवृत्त फौजी के यहां पिछले कुछ दिनों से काम कर रहे बिहार निवासी युवक पर शंका जताई और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध युवक से सख्ती से पूछताछ की। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस की पूछताछ के बाद ही आरोपी ने घर से 300 मीटर दूर स्थित एक बरसाती नाले में पुवाल के नीचे छिपाए गए बच्ची के अर्द्धनग्न शव को बरामद कराया। घटना की जानकारी पर एसपी नीरज कुमार जादौन भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि सचिन नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है।