Hardoi News: जिले में एक युवक ने मोबाइल फोन पर झगड़ने के बाद गुस्से में अपनी दादी को लात मारी और फिर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हरदोई जिले के मोहल्ला सुभाष नगर में सोमवार देर शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक युवक सूरज अग्निहोत्री (22) ने मोबाइल फोन पर हुए झगड़े के बाद गुस्से में अपनी दादी को लात मार दी और फिर कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा और मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
सूरज की दादी प्रकाशवती ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे सूरज के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन पर सूरज की किसी से गाली-गलौज हुई, जिससे वह बहुत गुस्से में था। जब प्रकाशवती ने उससे झगड़े का कारण पूछा, तो सूरज ने उन्हें लात मार दी। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब सूरज कमरे से बाहर नहीं निकला।
जांच में जुटी पुलिस
उसके चाचा रोहित ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर, उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया, जहां सूरज को दुपट्टे से फंदे पर लटका पाया गया। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सूरज का मोबाइल फोन भी मांगा है, ताकि झगड़े के कारण का पता चल सके।