यात्रियों से वार्ता करते परिवहन विभाग के अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
हरदोई जिले में सवारियां लेकर रोडवेज बस अड्डे से शुक्रवार की रात निकले नशे में धुत चालक ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी। वह सिनेमा चौराहा तक बस लहराते हुए लाया। जान संकट में देखकर गुस्साई सवारियों ने चिल्लाते हुए बस रोकने को कहा। चालक ने बस रोकी और भाग गया। दो घंटे तक रोड पर परेशान रहीं सवारियों को एआरएम ने दूसरे चालक की व्यवस्था करके गतंव्य तक पहुंचावाया। चालक की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
हरदोई डिपो की एक रोडवेज बस शाहजहांपुर से कानपुर के बीच चलती है। एआरएम भुवनेश कुमार ने बताया इस रोडवेज बस पर चालक वीरेश और परिचालक धर्मपाल ड्यूटी करते हैं। शुक्रवार की रात नौ बजे बस में 45 सवारियां लेकर वीरेश कानपुर के लिए निकला था। बस में सवार संजय, वसीम, नीरज, रचना, सौरभ, सुमन आदि ने बताया कि शराब के नशे में चालक ने बस अड्डे से लहराते हुए बस निकाली। सोल्जर बोर्ड चौराहा और सिनेमा चौराहा के बीच स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया।