बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हरदोई मार्ग पर तहसील के पास शुक्रवार रात बरातियों से भरी बोलेरो सामने से पानी का टैंकर और मोबाइल शौचालय लेकर आ रहे दो ट्रैक्टरों से टकरा गई। घटना में बोलेरो में सवार दूल्हे के मौसा की मौत हो गई। मृतक के दो बेटे और एक रिश्तेदार घायल भी हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बलेंदा निवासी राजेंद्र (52) खेती करते थे। उनके साढू के बेटे अजय की बरात शुक्रवार को बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के पुसेड़ा गई थी। शादी में शामिल होने के लिए राजेंद्र अपने बेटों पुष्पेंद्र कुमार (28) और आशीष (15) व रिश्तेदार सुरसा थाना क्षेत्र के गोहराई निवासी रिंकज (16) के साथ बोलेरो से पुसेड़ा जा रहे थे। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर बिलग्राम तहसील के सामने हरदोई की तरफ से पानी का टैंकर और मोबाइल शौचालय लेकर आ रहे दो ट्रैक्टरों से बोलेरो की टक्कर हो गई। घटना में बोलेरो चला रहे राजेंद्र समेत सभी लोग घायल हो गए। इन सभी को एंबुलेंस से सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया गया। यहां राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों का इलाज चल रहा है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।