घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
हरदोई जिले के कटियारी क्षेत्र में सोमवार देर रात पलेज (तरबूज, ककड़ी, खरबूजा) की रखवाली के लिए छोटी नाव से जा रहे साथ सात लोग रामगंगा (कुंडा) नदी में बह गए। इसमें से चार लोगों को बचा लिया गया, जबकि भाई- बहन डूब गए हैं। एक बालिका लापता है। ग्रामीण और गोताखोर बच्चों की तलाश करते रहे। अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
हरपालपुर खाना खेत के बेड़िजोड के मजरा खद्दीपुर चैनसिंह के लोगों ने राम गंगा नदी के किनारे पलेज बो रखी है। बताया गया कि फसल की रखवाली के लिए किसान इधर से नदी पारकर रोजाना आते-जाते हैं। सोमवार रात 8:30 बजे छोटी नाव से खद्दीपुर चैनसिंह गांव के लाल शेर का पुत्र शिवम (14), पुत्री सुनैना (8) और भांजी फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के उगरापुर निवासी सोनिका (13) पुत्री अशोक कुमार नाव पलटने के बाद गहरे पानी में चले गए।
राहत और बचाव कार्य में हुईं दिक्कतें
देर रात शिवम और सुनैना के शव मिल गए, कुछ देर बाद सोनिका का शव भी मिल गया। वहीं, नाव पर सवार दिवारी लाल (55) उनकी पत्नी सुमन (50) और निर्मल (35) व दिवारी लाल की 12 वर्षीय पुत्री काजल को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया गया था। हादसे के बाद एसपी नीरज कुमार जादौन, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे।