हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला महमंद में एक निकाह के दौरान किन्नरों ने हंगामा कर दिया। दूल्हा बने युवक के साथ पूर्व में शादी हो जाने की बात कहकर किन्नर उसे अपने साथ ले गए। हंगामे के दौरान बराती व अन्य लोग मौके से भाग निकले।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला महमंद निवासी एक युवक का निकाह मौलागंज निवासी एक युवती के साथ कई माह पहले तय हुआ था। इसके बाद युवक निकाह करने से टालमटोल करने लगा। बुधवार को युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत सरदारगंज पुलिस चौकी में की तो चौकी प्रभारी अनिल सिंह ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की।
गुरुवार को निकाह होने की बात तय हुई। महमंद में एक आवासीय परिसर में निकाह की तैयारी चल रही थी। बराती और जनाती भी पहुंच चुके थे। इसी दौरान दो वाहनों से कन्नौज जनपद के 10 किन्नर वहां पहुंच गए और निकाह न करने देने की धमकी देते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इन लोगों का कहना था कि युवक पर 53 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं। एक किन्नर ने युवक के साथ पूर्व में ही शादी किए जाने की बात भी कही। यह सब देख मौके से बराती-जनाती इधर-उधर हट गए। किन्नरों के तेवर देख युवक भी उनके साथ चला गया।