फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरदोई: कोरोना संक्रमण के दौरान अफसरों के निर्देशों का पालन नहीं करना बीडीओ को पड़ा महंगा, निलंबित

Fri, 05 Jun 2020 11:14 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
हरदोई जिले में शासन ने बेंहदर की खंड विकास अधिकारी सुधा आर्या को निलंबित कर दिया है। उन पर कोविड-19 के संक्रमण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप है। खंड विकास अधिकारी सुधा आर्या को अब ग्राम्य विकास आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
विज्ञापन


बेंहदर में खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात सुधा आर्या को लेकर जिला प्रशासन को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। कोरोना संक्रमणकाल के दौरान उपजी परिस्थितियों में भी सुधा आर्या ने जिला स्तरीय अधिकारियों की ओर से दिए जाने वाले आदेशों का पालन नहीं किया। विभिन्न विभागीय कार्यों में भी वह गंभीरता नहीं दिखा रहीं थीं। इन सब कारणों के चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
 
विज्ञापन

उधर, दूसरी ओर विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि बेंहदर विकास खंड में नागरिक सूचना पट बनाने का कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह के भुगतान को नियम के विपरीत रोकने और एक दूसरी प्राइवेट फर्म से नागरिक सूचना पट खरीदे जाने में भी सुधा आर्या को नोटिस दी गई थी। तीन बार नोटिस देने के बाद भी सुधा आर्या की तरफ से कोई जवाब नहीं भेजा गया था।

बीते दिनों जनपद में आए ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के सामने भी बेंहदर में नियम विपरीत भुगतान जान-बूझकर रोके जाने और एक प्राइवेट फर्म से नागरिक पट खरीदे जाने का मामला उठा था। उनको निलंबित किए जाने वाले कारणों में यह भी एक कारण माना जा रहा है। वहीं, जिला विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान अधिकारियों की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की गई।

ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
पिहानी विकास खंड के ग्राम बिजगवां में तैनात ग्राम विकास अधिकारी शबनम पटेल को निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने बताया कि पिहानी विकास खंड के ग्राम बिजगवां में 28 कार्य दिवसों का भुगतान गलत ढंग से किया गया था। इसी के चलते उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान वह जिला विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध रहेंगी। प्रकरण की विस्तृत जांच खंड विकास अधिकारी शाहाबाद करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें