शहर के चौहान थोक पूर्वी में रंग लगाने के बाद पड़ोस की चाची ने पुलिस बुला ली। इससे नाराज युवक ने पेड़ पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना बुधवार दोपहर बात की है। शहर के चौहान थोक पूर्वी निवासी मनीष (22) मजदूरी करते थे। बड़े भाई मुकेश ने बताया कि मनीष शराब पीने के आदी थे। बुधवार की दोपहर मनीष ने पहले शराब पी। फिर वह पड़ोस की चाची को रंग लगाने चले गए। रंग लगाने के दौरान चाची ने विरोध किया। विवाद बढ़ गया।
चाची ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस बुला ली। पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत कर दिया। मनीष के पिता बटाई पर खेती करते हैं। उनका खेत मकान से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर है। विवाद के बाद युवक खेत की ओर चला गया। दोपहर बाद खेत के पास स्थित शागौन के पेड़ पर मनीष का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। मोहल्ले वासियों ने मनीष को पहचान लिया। परिजन और पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए। मनीष तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटे थे व अविवाहित थे। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। परिजनों की शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।