हरदोई जिले में लोनार कोतवाली क्षेत्र में सवायजपुर मार्ग पर भांजी के जन्मदिन में जा रहे दंपती को पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। शनिवार सुबह हुई घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही पिकअप और चालक को पकड़ लिया। इन्हें पुलिस के हवाले किया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खुमारीपुर निवासी जितेंद्र सिंह सोमवंशी (28) शहर के मुन्ने मियां चौराहा पर सौंदर्य प्रसाधन की दुकान पर काम करते थे। पिता तकदीर बहादुर सिंह ने बताया कि उनकी विवाहित पुत्री सुरभि का घर पाली थाना क्षेत्र के बसेलिया गांव में है। सुरभि की बेटी का जन्मदिन बृहस्पतिवार को था। भांजी के जन्मदिन में शामिल होने के लिए जितेंद्र अपनी पत्नी मीरा के साथ शनिवार की सुबह बसेलिया जा रहे थे।