त्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लगातार हो रही बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को गंगा और रामगंगा नदी के जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा नदी का जलस्तर 65 सेंटीमीटर बढ़कर 136.05 मीटर गेज पर पहुंच गया है, जो अब चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर के बेहद करीब है।
हरिद्वार, नरौरा और ड्यूनी बैराज से लगातार छोड़ा जा रहा पानी
नदियों के जलस्तर में अचानक आई इस तेजी की मुख्य वजह पहाड़ों पर हो रही लगातार बरसात और बैराजों से भारी मात्रा में छोड़ा जा रहा पानी है। सिंचाई विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न बैराजों से गंगा और गर्रा नदी में कुल 1,18,112 (लगभग 1.19 लाख) क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
कटियारी व कटरी क्षेत्र पर मंडराया खतरा, फसलें और कटान बनीं चिंता
गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी के उफान पर आने से जिले के बिलग्राम, सवायजपुर और शाहाबाद तहसील क्षेत्रों के कटियारी व कटरी इलाके सीधे तौर पर प्रभावित होने की कगार पर हैं। नदियों के समीपवर्ती गांवों के किसानों को फसलों के डूबने और उपजाऊ जमीन के कटान का डर सताने लगा है।