हमीरपुर जिले में चिकासी थाना क्षेत्र के चिकासी गांव स्थित खनन खंड संख्या 25/15 में पोकलैंड मशीन की बकेट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद खनन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान भारत सिंह (30) पुत्र स्व. हाकिम सिंह निवासी बरसेड़ा थाना कोटरा जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह खनन खंड में ट्रकों की लोडिंग का कार्य करता था।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात कार्य करने के बाद वह खनन स्थल पर ही सो गया था। शुक्रवार को लोडिंग के दौरान चल रही पोकलैंड मशीन की बकेट उसके सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।