हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में हुसैना गांव के पास गुरुवार सुबह हुई ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों वाहनों मे आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, जबकि ई-रिक्शा चालक को कोई चोट नहीं लगी और वह मौके से फरार हो गया। थाना क्षेत्र के हुसैना गांव निवासी छिद्धू प्रजापति ने बताया कि गांव उमरी थाना बिंवार निवासी साले झंडू के तीन बेटे हैं। इसमें से सबसे छोटा बेटा गोविंदा उर्फ मोहन हुसैना गांव में चल रहे यज्ञ के भंडारे में शामिल होने आया था।
बताया कि कल भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और हुसैना में ही रुक गया। गुरुवार सुबह 9 बजे घर से बिना नाश्ता किए उमरी गांव जाने के लिए निकला था। गांव के बाहर एक तीव्र मोड़ पर उसकी बाइक की टक्कर ई-रिक्शा से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में गोविंदा अपनी बाइक के नीचे दबे होने के कारण गंभीर रूप से जलकर घायल हो गया। वहीं दोनों वाहन जलकर राख हो गए।