हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर कस्बे के पॉलिटेक्निक में जनगणना का प्रशिक्षण लेने आ रहे बाइक सवार अतरैया के कंपोजिट विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं, सूचना मिलने पर परिजन एवं बड़ी संख्या में शिक्षक अस्पताल पहुंच गए। जिला मुख्यालय के रमेडी मोहल्ला निवासी रामप्रकाश निषाद (57) मौजूदा समय में अतरैया के कंपोजिट विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के रूप में तैनात थे। उनकी ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है। इसी के चलते गुरुवार को सुबह करीब 10:30 बजे वह बाइक से कस्बे के पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए आ रहे थे।