हमीरपुर जिले में मिशन शक्ति अभियान के तहत सरीला कस्बे के जीआईसी की कक्षा 12 की छात्रा मोहनी को गुरुवार को एक दिन का एसडीएम बनाया गया। वहीं, कक्षा 12 की ही छात्रा शालिनी को एक दिन का तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों छात्राओं ने कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले लिपिक व संबधित विभागों के कर्मचारियों से परिचय लिया और जनसुनवाई की शुरुआत की।
जनसुनवाई के दौरान जमखुरी गांव से पहुंचे एक किसान ने अनुसूचित जाति के व्यक्ति द्वारा भूमि क्रय–विक्रय से जुड़ी शिकायत रखी। एक दिन की एसडीएम मोहनी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सम्बंधित लिपिक को कार्रवाई के निर्देश दिए और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। इस दौरान एसडीएम ने छात्राओं को कार्यालयी कामकाज, फाइल निस्तारण और प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी दी।