हमीरपुर जिले में विकास खंड मौदहा के टिकरी गांव निवासी दो बच्चे पिता की मौत के बाद अनाथ हो गए। चार साल पहले मां घर छोड़कर चली गई थी। कोतवाल ने बच्चों को चाइल्डलाइन को सौंप दिया है। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी पप्पू (40) टीबी से ग्रसित थे। दो बच्चों को छोड़कर उसकी पत्नी चार साल पहले ही जा चुकी है।
पप्पू मजदूरी कर के अपना और अपने बच्चों का पेट पाल रहा था। वह शादी बरात में पत्तल उठाने का भी काम करता था। मंगलवार सुबह पप्पू की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद दोनों मासूम बच्चे के साथ पिता मौदहा सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। कोतवाल दुर्गविजय सिंह ने मौदहा एसओ को सूचना दी। जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।