हमीरपुर जिले में चोरी के आरोपी को पकड़ने गांव गई पुलिस ने आरोपी न मिलने पर उसकी पत्नी को घर के अंदर बेरहमी से पीटा। पुलिस पर घर में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उपनिरीक्षक को निलंबित कर सीओ राठ को जांच सौंपी है।
राठ क्षेत्र के बिलरख गांव निवासी मंजुल ने बताया कि उनके पति सीताराम लोधी पर किसी ने चोरी का आरोप लगाया था। पुलिस उनके घर पकड़ने गई थी। मंजुल ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि उपनिरीक्षक देवीदीन ने घर के अंदर घुसकर डंडे से बेरहमी से पीटा साथ में आई महिला पुलिसकर्मी को बाहर भगा दिया था।
मारपीट से शरीर पर गंभीर चोट आई। बताया कि पुलिस ने घर में तोड़फोड़ की और अपने साथ कोतवाली ले जाकर एक कमरे में 3 दिन बंद रखा। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने महिला का शांतिभंग में चालान कर दिया था। सीएचसी में डॉक्टरी परीक्षण कराने गई महिला ने उपनिरीक्षक द्वारा मारपीट की घटना बताई। पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक देवीदीन को निलंबित कर घटना की जांच सीओ अभयनारायन राय को सौंपी है।