मौसेरे भाई के तिलक कार्यक्रम के लिए सामान लेकर जा रहे दो युवकों को बुधवार दोपहर मुंडेरा रोड पर भौनिया मोड़ के पास एक ओवरलोड अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार कर कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौसेरे भाई के तिलक कार्यक्रम के लिए सब्जी, पनीर लेकर भरुआ सुमेरपुर कस्बे से वापस बाइक से बिना हेलमेट लगाए जा रहे दो युवकों को मुंडेरा रोड पर भौनिया मोड़ के पास मौरंग भरे ओवरलोड ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
सिसोलर गांव निवासी धनंजय (22) हाल मुकाम मौदहा अपने मौसेरे भाई अतुल यादव के तिलक के कार्यक्रम के लिए सब्जी व पनीर लेने अतुल की बुआ के लड़के संदीप (23) निवासी खपटिहा जनपद बांदा के साथ कस्बे में बाइक से आए।
सामान लेने के बाद करीब साढ़े 12 बजे वापस जा रहे थे तभी भौनिया मोड़ के पास ओवरलोड अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। जिससे धनंजय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
घायल को सदर अस्पताल से नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।