हमीरपुर जिले में मुस्करा थानाक्षेत्र के एक गांव में काफी समय से साथ रह रहे युगल रविवार रात संदिग्ध हालात में झुलस गए। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महोबा जिले के सूपा गांव निवासी प्रेमनारायण का पुत्र नरेंद्र काफी समय से अपनी ननिहाल में रह रहा है।
गांव में रहते हुए नरेंद्र की गांव की ही एक युवती से मित्रता हो गई। इस पर युवक उसे अपने साथ कहीं ले गया। तब उसके पिता ने थाना मुस्करा में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब पुलिस उन्हें तलाश कर लाई और कोर्ट में पेश किया तो युवती ने युवक के साथ ही रहने को कहा।
बालिग होने पर कोर्ट ने उसे युवक के साथ भेज दिया। युवती के युवक के साथ जाने पर उसके परिजन गांव से जाकर राठ में रहने लगे। रविवार की शाम युवती के माता व पिता गांव आए थे। उनके वापस जाने के बाद दोनों संदिग्ध हालात में झुलस गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को सदर अस्पताल ले गई। युवती की हालत गंभीर है। सूचना पर मुस्करा थानाध्यक्ष राजेशचंद्र त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा घटना की जांच की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।