टोला गांव में कोटा आवंटन की बैठक में होती मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
गोहांड क्षेत्र के टोला औंता गांव में सरकारी राशन की दुकान आवंटन के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। पुलिस व ब्लाक अधिकारियों के सामने ही लाठी डंडे व कुल्हाड़ियां चलीं। महिलाओं ने शौचालय में छिपकर जान बचाई। मारपीट में होमगार्ड सहित पांच लोग घायल हुए हैं। दोनों दावेदारों ने एक दूसरे पर पक्ष में मतदान कराने का आरोप लगाया है। मारपीट में घायल तीन लोगों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गोहांड विकासखंड के टोला गांव में सरकारी राशन की दुकान रिक्त चल रही है। इसके आवंटन के लिए बुधवार की दोपहर अन्नपूर्णा भवन में खुली बैठक व मतदान प्रक्रिया कराई गई। दुकान के लिए रोहित व संतराम ने आवेदन किया। अपने पक्ष में मतदान कराने की बात पर दोनों गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों मारपीट होने लगी। सुरक्षा में लगे दरोगा व दो सिपाही असहाय नजर आए। राठ पुलिस मौके पर पहुंची तब स्थिति पर काबू पाया गया।
गांव के पूरन सिंह ने बताया कि वह कोतवाली में होमगार्ड हैं, उनके साथ 10 लोगों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट की। बचाने आए भाई खेमचंद्र व भतीजे अजय सिंह के साथ भी मारपीट की। अनमोल मिश्रा ने बताया कि उन्हें छह लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, पवन मिश्रा ने बताया कि छह लोगों ने मारपीट की इसमें वह घायल हो गए। तीनों ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि खुली बैठक में बहस के बाद मारपीट हुई है। तहरीर मिलीं हैं इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।