तीमारदारों को डॉक्टरों ने पीटा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही हैलट में हंगामा बढ़ने लगा है। शनिवार को मैटरनिटी विंग में जांच कराने के लिए आए रोगी के परिजनों के साथ जूनियर डॉक्टरों ने मारपीट की। हैलट इमरजेंसी में भी रोगी को भर्ती कराने को लेकर हंगामा हुआ। तीमारदार रोगियों को लेकर चले गए।
इन मामलों में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने प्रॉक्टर डॉ. यशवंत राव से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। शनिवार शाम को कुछ लोग रोगी को लेकर मैटरनिटी विंग आए थे।
लोगों का कहना है कि वह भर्ती करने के लिए कह रहे थे। डॉक्टरों का कहना है कि वे जांच कराने आए थे। बहरहाल किसी के न सुनने पर तीमारदारों ने सीनियर डॉक्टर से शिकायत कर दी। डांट खाने के बाद जूनियर डॉक्टर तीमारदारों पर उखड़ गए और मारपीट होने लगी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंची। तब तक प्राचार्य ने प्रॉक्टर को वहां भेजा। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर जूनियर डॉक्टर उन पर भी बिफर गए। प्राचार्य डॉ. कमल ने बताया कि इमरजेंसी में बेड कम पड़ रहे हैं। एक बेड पर दो रोगियों की बात पर तीमारदार भड़के थे। इमरजेंसी में बेड बढ़ाए जा रहे हैं। मैटरनिटी के संबंध में प्राचार्य ने बताया कि रोगी की कोविड जांच कराने के लिए लोग आए थे।