सिकंदरा। मुगल मार्ग पर तहसील के पास गुरुवार शाम को बाइक सवार जिम संचालक को टक्कर मारने के बाद ट्राॅला पलट गया। स्थानीय लोगों ने घायल जिम संचालक व चालक को सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां से इलाज के लिए कानपुर ले जाने के दौरान जिम संचालक की मौत हो गई। पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत कर ट्रॉला राज्य मार्ग से हटवाया।
सिकंदरा के राजेंद्र नगर निवासी शैलेंद्र उर्फ छैया (30) कस्बा में जिम का संचालन करते हैं। गुरुवार शाम छह बजे के करीब वह बाइक से जिम जा रहे थे। मुगल मार्ग पर तहसील के पास पहुंचने पर उनको पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रॉला ट्रक टक्कर मारते हुए पलट गया। हादसे में जिम संचालक व चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जिम संचालक की हालत नाजुक देखते हुए उनको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इधर ट्रॉला पलट जाने से राज्यमार्ग बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को संदलपुर मार्ग पर डायवर्ट कर गंतव्य की ओर रवाना किया। साथ ही बुलडोजर की मदद से ट्रॉला को सड़क से हटवाकर यातायात बाहल करवाया। सिकंदरा थानाध्यक्ष हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि चालक को मामूली चोटें आईं हैं। उपचार के बाद उसको हिरासत में लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
..................
अनियंत्रित टैंकर पलटा, लगी आग
सिकंदरा। मुगल मार्ग पर बुधौली गांव के पास गुरुवार सुबह चार बजे भोगनीपुर की ओर जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। इससे टैंकर के केबिन में आग लग गई। हादसा होने चालक टैंकर छोड़कर भाग निकले। राहगीरों ने टैंकर के केबिन में आग लगी देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पा लिया। सिकंदरा थाना के एसआई उमेश गुर्जर ने बताया कि सड़क किनारे पलटे टैंकर में आग लगी थी। जिसे बुझा दिया गया है। टैंकर मालिक को घटना की जानकारी दी गई है। टैंकर में क्या लोड है इसकी जानकारी फरार चालक के मिलने पर हो सकेगी। (संवाद)