कानपुर। भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर में राष्ट्रीय भूकंप अभियंत्रण सूचना केंद्र की ओर से अंतर विद्यालय भूकंप टिप्स क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें राउंड रॉबिन, पिक्चर राउंड, रैपिड फायर और लकी नंबर राउंड हुए। फाइनल में देश के आठ विद्यालयों केडी अंबानी रिलायंस फाउंडेशन स्कूल जामनगर, डीएवी पब्लिक स्कूल लुधियाना, भारतीय विद्या भवन का प्रिज्म स्कूल सतना, ग्वालियर ग्लोरी हाई स्कूल ग्वालियर, इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल नई दिल्ली, नेहरू वर्ल्ड स्कूल गाजियाबाद, ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल गुरुग्राम और शीलिंग हाउस स्कूल कानपुर शामिल रहा।
प्रतियोगिता में ग्वालियर ग्लोरी हाई स्कूल की टीम विजेता रहीं। केडी अंबानी रिलायंस फाउंडेशन स्कूल दूसरे और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। साथ ही छात्र वक्तृत्व प्रतियोगिता भूकंप सुरक्षा की वकालत का भी आयोजन किया गया, जो भुज भूकंप की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर समर्पित था। इसमें 25 छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल लुधियाना के अंगद सिंह बक्शी और हर्षिता होरा ने प्रथम, शीलिंग हाउस स्कूल के विराट हांडा और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल के त्रिनाभ गाइते ने दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।