कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में गुरु तेग बहादुर साहिब शोध पीठ के अंतर्गत सिख गुरु के इतिहास एवं शहादत पर आधारित दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स शुरू हो रहा है। शुभारंभ 17 जून को तात्या टोपे सीनेट हॉल में किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक करेंगे।
शुभारंभ कार्याक्रम में विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवाणी गूंजेगी। कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने निर्देश दिए है कि विवि परिसर के प्रत्येक खंभे पर जहां एक ओर सरस्वती वंदना अंकित होगी, वहीं दूसरे खंभे पर गुरुवाणी के श्लोक रहेंगे। इस पहल के लिए गुरु सिंह सभा, केंद्रीय गुरु सिंह सभा और गुरुद्वारा कीर्तनगढ़ समेत अन्य सिख संस्थाओं ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में गुरु सिंह सभा के चेयरमैन सरदार कुलदीप सिंह, निदेशक सरदार जितेंद्र अरोड़ा और स्कूल ऑफ लैंग्वेजज के निदेशक डॉ. सर्वेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह साहिब रचित चौपाई साहिब के पाठ से होगी।