रूरा क्षेत्र के अपौना गांव में शकरकंद के विवाद में गुस्साए बड़े भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से छोटे भाई की गोली मार हत्या कर दी। गोली गर्दन में लगने से युवक की तड़प तड़प कर मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों में दहशत बनाने के लिए बड़े भाई ने कई हवाई फायर किए और अपनी अपनी पत्नी को लेकर गांव से फरार हो गया।
इधर, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एएसपी का कहना है कि पुलिस टीमें दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा।
क्षेत्र के अपौना गांव निवासी अनिल उर्फ अन्नी (28) पुत्र राजकुमार रविवार की सुबह चकरपुर मंडी टमाटर बेचने गया था। वहां से शाम को टमाटर बेचकर वापस घर लौट रहा था, तभी शकरकंद चोरी का विवाद खड़ा हो गया। अभी वह घर के सामने ही पहुंच पाया था कि बड़े भाई देवीचरण के मकान से गाली गलौज की आवाजें आने लगी। यह बात अनिल को अखर गई।
वह बड़े भाई देवी चरण को सफाई देने के लिए उसके घर जा पहुंचा। इसी बीच गुस्साए देवीचरन ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अनिल पर फायर झोंक दिया। गोली अनिल के गर्दन में जा घुसी। गोली लगते जमीन पर गिर पड़ा।
अनिल की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
इधर अनिल की हत्या के बाद भाई देवीचरन अपनी पत्नी मुन्नी को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास लोग आ पहुंचे। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीण कोई विरोध नहीं करे, इसके लिए देवीचरण ने हवाई फायर करना शुरू कर दिए। जिससे ग्रामीणों की भीड़ दहशत में आकर पीछे हट गई।
ग्रामीण उसे पकड़ने का साहस नहीं जुटा सके। अपौना गांव में हत्या की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ऋषिपाल सिंह यादव मौके पर जा पहुंचे।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बड़े भाई का शकरकंद को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से गुस्साए देवीचरन ने अपने छोटे भाई की गोली माकर हत्या कर दी है।
गोली उसकी गर्दन में लगी है। आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।