कानपुर। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पोनी रोड पर रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान तमंचे से चली गोली एक युवक की कमर में जाकर लग गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल युवक को उसके दोस्त उपचार के लिए उर्सला लेकर पहुंचे। इस दौरान युवक ने पहले फीलखाना थानाक्षेत्र में झाड़ियों में तमंचा और कारतूस फेंका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फीलखाना इंस्पेक्टर अभय कुमार सिंह ने बताया कि उन्नाव के शुक्लागंज स्थित पोनी रोड निवासी अजय कुमार (35) अपने दोस्त विजय कश्यप और अन्य साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। पूछताछ में विजय ने बताया कि इसी दौरान अचानक तमंचे से गोली चल गई, जो सामने बैठे अजय की कमर में लग गई। अजय गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घबराए दोस्त अजय को लेकर तत्काल उर्सला पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसका इलाज शुरू किया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साथ आए युवकों से पूछताछ की। फीलखाना इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कानपुर आते समय पकड़े जाने के डर से विजय ने तमंचा और कारतूस सेन कॉलेज के सामने सिंचाई विभाग कॉलोनी के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया है। घटना की जानकारी गंगाघाट पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।