कानपुर। श्याम नगर ई ब्लाॅक और उसके आसपास की करीब 25 हजार की आबादी 24 घंटे से ज्यादा से बिना बिजली के परेशान रही। संडे की वजह से केस्को की गैंग ने भी लापरवाही दिखाई और भीषण गर्मी में पब्लिक परेशान रही। ई ब्लाक में मिश्रा आटा चक्की के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार रात फुंक गया। रविवार दोपहर दो बजे ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई गई लेकिन उसके पहले वहीं बिजली के खंभे में ट्रक ने टक्कर मार दिया। खंभे की मरम्मत के लिए शटडाउन लेना पड़ा।
इलाकाई लोगों ने बताया कि कंट्रोल रूम से कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। रात भर बिजली नहीं आई। इनवर्टर बोलने से दिन में पंखे बंद रहे और पानी की भी किल्लत हो गई। क्षेत्रीय निवासी गौरव शर्मा, भोलानाथ पांडेय और आरडी चंद्रहास ने बताया कि ई ब्लाक के अलावा गद्दियाना, रामपुरम में भी बिजली गुल रही। केस्को ने बिजली के खंभे को दुरुस्त कराने के लिए शटडाउन ले लिया। केस्को मीडिया प्रभारी आरडी पांडेय ने बताया कि खंभे की मरम्मत का काम चल रहा है। देर रात तक इलाके की बिजली सामान्य हो जाएगी।
उधर, फजलगंज, गुमटी, गड़रियनपुरवा, सरेश बाग में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बिजली गुल रही। नई सड़क, अस्पताल रोड, नया चौक, बेकनगंज, यतीमखाना में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रही। किदवई नगर के एच, एच-1, एच-2, एन और ब्लाक, अजीतगंज, बगाही, बगाही भट्टा, एनएलसी कालोनी, साइट एक और दो नंबर कालोनी में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। सूटरगंज, जीवन ज्योति, योग टॉवर, ग्वालटोली, मकबरा में सुबह 10 से तीन बजे तक बिजली नहीं रही।
सुजातगंज सब स्टेशन का घेराव ः श्याम नगर ई-ब्लाक में 24 संटे से अधिक बिजली कटौती पर देर रात सैकड़ों लोग सब स्टेशन पहुंचे और नारे लगाते हुए पथराव कर दिया। कर्मचारी ताला बंद करके भाग निकले।