कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में नया यूजी गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा। इस हॉस्टल में 200 कमरे होंगे जिनमें एक साथ 400 छात्राएं रह सकेंगी। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 250 सीटें हैं। छात्राओं के लिए यहां दो हॉस्टल उपलब्ध हैं। एक हॉस्टल में 201 कमरे हैं जबकि दूसरे में मात्र 30 कमरे हैं। मौजूदा समय में करीब 420 एमबीबीएस छात्राएं अध्ययनरत हैं। कमरों की कमी के कारण दिक्कत होती है।
एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्राओं को डॉरमेट्री रूम में रखा जाता है। प्रत्येक रूम में पांच-पांच छात्राएं रहती हैं। द्वितीय वर्ष में एक-एक कमरे में तीन-तीन छात्राओं को जगह मिलती है। उसके बाद एक-एक कमरा दो-दो छात्राओं को आवंटित किया जाता है। इस नए हॉस्टल की अनुमानित लागत 65 करोड़ रुपये है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण एजेंसी के माध्यम से टेंडर कराकर कार्य कराया जाएगा। दो साल में हॉस्टल का निर्माण पूरा करने की योजना बनाई गई है।