उत्तर प्रदेश कंबाइंड प्री मेडिकल टेस्ट (सीपीएमटी) की काउंसलिंग में च्वाइस लॉक के पहले दिन ही जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के जनरल वर्ग की सभी सीटें फुल हो गईं। अब जनरल में विशेष श्रेणी की ही सीटें खाली हैं। मूल निवास प्रमाण पत्र न लाने पर चार स्टूडेंट को प्रथम चरण की काउंसलिंग से बाहर कर दिया गया।
अब इन्हें मूल निवास प्रमाण पत्र लेकर आने और सीट की उपलब्धता पर दूसरे चरण की काउंसलिंग में मौका मिलेगा। च्वाइस लॉक के लिए 50 स्टूडेंट ने पहले दिन रजिस्ट्रेशन कराए थे। इनमें से एक स्टूडेंट आया ही नहीं और चार बाहर हो गए। 45 स्टूडेंट ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से अपनी सीटें लॉक कराईं।
सीपीएमटी काउंसलिंग सोमवार से शुरू है। मंगलवार को बायोमेट्रिक और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए च्वाइस लॉक हुआ। निर्धारित समय 10 बजे से तकरीबन डेढ़ घंटे की देरी से काउंसलिंग शुरू हुई। प्रदेश में नंबर वन रैंक हासिल करने वाले आगरा के रौनक जैन ने केजीएमयू लखनऊ में एडमिशन के लिए सीट लॉक की। लगभग सभी टॉपर्स ने केजीएमयू लखनऊ में एडमिशन लिया।
केजीएमयू में सामान्य वर्ग की सीट फुल होने के बाद शाम को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की सीटें भरनी शुरू हुईं। नोडल अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि मंगलवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सामान्य वर्ग की विशेष उप श्रेणी को छोड़कर सभी सीटें फुल हो चुकी हैं। इस दौरान डॉ. अमिता तिलक, डॉ. प्रशांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।