स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मंगलवार देर रात जीआरपी के एक सिपाही पर कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगा है।
पंचनामा के कागजात मांगने पर भड़का सिपाही
कर्मचारी कल्लू द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 18 अगस्त की रात करीब 1:20 बजे वह पोस्टमार्टम हाउस परिसर में अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान जीआरपी कानपुर सेंट्रल में तैनात कांस्टेबल मंगला प्रसाद एक शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। जब कर्मचारी कल्लू ने नियमानुसार शव से संबंधित पंचनामा के कागजात मांगे, तो आरोप है कि सिपाही इतने में ही भड़क गया और अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
दाहिने गाल पर मारे थप्पड़, दी धमकियां
पीड़ित का आरोप है कि सिपाही ने आपा खोते हुए उसके दाहिने गाल पर कई बार प्रहार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी सिपाही ने बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों को भी अंजाम भुगतने की धमकियां दीं। कर्मचारियों का कहना है कि सिपाही के इस अमर्यादित व्यवहार से न केवल उन्हें चोट आई है, बल्कि संवेदनशील शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई है।
कर्मचारियों में आक्रोश, काम बंद कर उठाये सुरक्षा पर सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस के अन्य कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने एकजुट होकर काम बंद कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम हाउस एक बेहद संवेदनशील परिसर है, जहां वैधानिक व चिकित्सकीय प्रक्रिया का पालन होता है। ऐसे स्थान पर ऑन-ड्यूटी कर्मचारी के साथ मारपीट होने से उनकी सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
GRP इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे, शांत कराया मामला
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण पुलिस बल के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पीड़ित कर्मचारी कल्लू और पोस्टमार्टम प्रभारी विपुल चतुर्वेदी से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल पीड़ित की तहरीर के आधार पर स्वरूप नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।