कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में सोमवार देर रात रंजिश में फाइनेंसकर्मी और भाजपा नेता के पक्ष आमने-सामने आ गए। शिवानी हॉस्पिटल के पास बीच सड़क दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
शास्त्रीनगर निवासी फाइनेंसकर्मी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे वह छोटे भाई और एक दोस्त के साथ बोलेरो से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। शिवानी हॉस्पिटल के पास बीच सड़क बुलेट सवार युवक अपने कई साथियों के साथ शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाने पर गालीगलौज करने लगे। धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। फाइनेंसकर्मी के मुताबिक, कुछ देर बाद भाजपा नेता भी अपने कई समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में उन्हें गाड़ी से बाहर खींचकर गालीगलौज और मारपीट की गई।
फाइनेंसकर्मी ने भाजपा नेता से पुराना मकान का विवाद होने की बात कही है। आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से घात लगवाकर हमला कराया गया। वहीं, भाजपा नेता ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि एक युवक अपनी मां की दवा लेने जा रहा था। इस दौरान खुद को फाइनेंसकर्मी बताने वाले युवक ने बीच सड़क कार खड़ी कर दी और मारपीट व हंगामा शुरू कर दिया। इसमें उनके पक्ष के लोग घायल हुए हैं।
काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि पुरानी रंजिश में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।