कानपुर साउथ के नौबस्ता में बारात उठने से पहले आसिफ (29) ने जहर खा लिया। हैलट में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आसिफ के ससुराल वालों पर उसकी मौत का आरोप लगाया है।
नौबस्ता के सी ब्लाक मछरिया निवासी आसिफ पेशे से ड्राइवर था। उनके माता-पिता का इंतकाल हो चुका है। वह कभी अपने घर पर तो कभी मछरिया में रहने वाले बहनोई जाहिद और चचेरे भाई सब्बन के घर पर रहता था।
आसिफ ने विजय नगर मस्जिद के पास रहने वाले रिश्तेदार की बेटी से अपनी शादी तय की थी। इस बात का पता बहनोई जाहिद और चचेरे भाई को लगा था। रविवार को आसिफ की बारात उठनी थी। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि आसिफ सुबह विजय नगर अपनी होने वाली ससुराल गया था तो वहां से गंभीर हालत में लौटा।
आसिफ को खून की उल्टियां होने लगी। फौरन उसे हैलट ले जाया गया। दोपहर तीन बजे आसिफ की सांसें थम गईं। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों से पूछताछ की गई लेकिन खुदकुशी करने का कारण नहीं पता चल सका है।