महोबा के कबरई इलाके में 500 और 1000 के नोट बंद होने से शादी के इंतजाम में जुटे लोगों की परेशानी को देखते हुए केंद्र सरकार ने ढाई लाख रुपये तक निकालने की छूट दे दी है। सोमवार को एसबीआई शाखा कबरई पहुंचे दूल्हे को बैंक मैनेजर ने ढाई लाख रुपये दिए। हालांकि तमाम लोग अभी भी शादी के लिए पैसा निकालने को बैंकों के चक्कर काट रहे हैं।
कस्बा कबरई के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी सूर्यकांत पाठक के पुत्र प्रदीप पाठक की शादी 24 नवंबर को है। उसकी बारात छतरपुर जाना है। दूल्हा व उसका पिता रोज बैंक के चक्कर लगा रहे थे।
अमर उजाला ने प्रदीप पाठक की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। सोमवार को एसबीआई शाखा कबरई पहुंचे प्रदीप पाठक को बैंक मैनेजर अजय कुमार ने ढाई लाख रुपये कैश दिया।
प्रदीप पाठक और उसके पिता सूर्यकांत पाठक ने कहा कि अमर उजाला के प्रयास से ही उन्हें शादी के लिए पैसा मिल सका। शादी के लिए पैसा देने वाली एसबीआई कबरई पहली शाखा बनी।