हरदोई के सवायजपुर इलाके की सड़कें कभी बेहद शांत हुआ करती थी। गाड़ियों की आवाजाही इतनी ही थी कि उसे गिना जा सकता था। आज वह स्थिति नहीं है। तस्वीर बदल गयी है।
सोमवार को ही तेज रफ्तार से आई एक कार पलट गई। हादसे में टीबी(रोग) से पीड़ित महिला की मौत हो गई और बेटा व कार चालक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला दवा लेने बरेली जा रही थी। वहीं, अन्य सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। कछौना थाना क्षेत्र के बालामऊ निवासी रामयश सिंह कनौजिया की पत्नी श्यामादेवी (50) टीबी से पीड़ित थीं। उनका इलाज बरेली में चल रहा था। सोमवार को श्यामादेवी बेटे विवेक (26) के साथ दवा लेने कार से बरेली जा रही थीं। कार नरसिंह (28) पुत्र विश्वनाथ चला रहा था।
तेज रफ्तार कार सवायजपुर के पास बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। श्यामादेवी को सिर में चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। डाक्टरों ने श्यामादेवी को मृत घोषित कर दिया। विवेक और नरसिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
वहीं, अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। टड़ियावां थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव निवासी हरिकरन (60) व चमेली (55) को बाइक ने टक्कर मार दी। शाहाबाद कोतवाली के मत्तीपुर गांव निवासी हरीराम (22) पुत्र सियाराम, शाहजहांपुर के अल्लाहगंज निवासी रामबहादुर (30) पुत्र रामकुमार व गिलगिल (26) पुत्र जगरुप और बघौली थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक (28) सड़क हादसों में घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।