कानपुर में रायपुरवा निवासी युवक अपनी शादी से चंद घंटे पहले रविवार को लापता हो गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह कैंट में गंगा किनारे उसका शव पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।
बाईं कलाई पर कटे के निशान मिले हैं। इससे खुदकुशी की भी आशंका है। शक्कर मिल खलवा निवासी काली प्रसाद उन्नाव पुलिस लाइन में फॉलोवर हैं। उनके बेटे मुरारीलाल (28) की रविवार को काकादेव बरात जानी थी। परिजनों के मुताबिक शाम करीब साढ़े पांच बजे मुरारीलाल सैलून जाने की बात कहकर घर से निकला फिर लौटा नहीं।
कोई सुराग नहीं लगने पर देर रात रायपुरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सोमवार सुबह करीब आठ बजे कैंट में पुराना गंगा पुल के नीचे गंगा किनारे मुरारीलाल का शव मिला। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में तफ्तीश जारी है।