कानपुर। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के दौरान दर्शकों की बेरुखी नजर आ रही है। वहीं कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत-ऑस्ट्रेलिया ए वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में दर्शकों का जबरदस्त जोश सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
दोनों स्टेडियमों के वीडियो की तुलना करते हुए सोशल मीडिया पर दिखाया जा रहा है कि शुभमन गिल की अगुवाई में कैरेबियाई टीम को हराने उतरी भारतीय टीम को अहमदाबाद में दर्शकों की तलाश थी जबकि ग्रीनपार्क में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों को देखने के लिए दर्शकों की ऐसी दीवानगी रही कि स्टेडियम में पैर रखने की जगह नहीं बची। यूजर्स ने वीडियो को जमकर शेयर करते हुए इसे युवा खिलाड़ियों की बढ़ती लोकप्रियता और ग्रीन पार्क के दर्शकों के उत्साह से जोड़ा है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी अपने एक्स अकाउंट पर ग्रीन पार्क के दर्शकों के उत्साह का वीडियो साझा करते हुए कानपुर की जनता की सराहना की। संवाद