कानपुर। रावतपुर से कार्डियोलॉजी अस्पताल के बीच ग्रीन कॉरिडोर बना दिया गया है। इससे अब गंभीर मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस ट्रैफिक जाम में नहीं फंसेगी। नई यातायात व्यवस्था पिलर नंबर 201 से 226 तक के हिस्से में लागू की गई है। इस ग्रीन कॉरिडोर को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए डिवाइडर पर लोहे की जाली वाली मजबूत दीवार बनाई गई है। इसके चलते पैदल राहगीर डिवाइडर फांदकर सड़क पार नहीं कर सकेंगे और वाहन बिना जाम में फंसे गुजर जाएंगे।
पिलर नंबर 201 से 226 के बीच रावतपुर क्राॅसिंग पड़ती है। ऐसे में काकादेव की ओर से आने वाले ऑटो, ई-रिक्शा चालक सवारियों को रेव मोती मॉल के पास या क्राॅसिंग के करीब उतार देते हैं। इसके बाद इनमें से जिन सवारियों को परेड या जरीब चौकी की ओर जाना होता है वह डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में चले जाते थे। इससे दिन भर पैदल राहगीरों की आवाजाही के चलते जीटी रोड पर रावतपुर क्राॅसिंग के पास हर वक्त यातायात रेंगता रहता था। हालांकि, दूसरी बड़ी समस्या परेड और जरीब चौकी की ओर से आने वाले ऑटो, टैंपो या ई-रिक्शा थे जो कल्याणपुर, चौबेपुर की ओर जाने वाली सवारियों को बैठाने या उतारने के चक्कर में जीटी रोड पर ही गाड़ी खड़ी कर देते थे। ऐसे में जब तक सवारी बैठते या उतरती पीछे से आने वाले वाहनों को न चाहते हुए भी रुकना पड़ता। इसके चलते भी दिनभर जाम के हालात बने रहते थे। रावतपुर क्राॅसिंग पर ड्यूटी करने वाले दरोगा या सिपाही ऐसे किसी एक वाहन को आगे बढ़वाते तो दूसरा रुककर रास्ता जाम कर देता।
डीसीपी ट्रैफिक ने इस समस्या के निदान के लिए जीटी रोड पर वाहन चालकों के सवारी बैठाते या उतारते वाले स्थान पर टू-वे बैरियर लगवा कर दो लेन बनवा दीं। इसका सबसे बढ़ा फायदा यह हुआ कि जिन वाहनों को सवारी भरनी या उतारनी है, वह दूसरी लन में आ जाते हैं। जिन वाहनों को बिना रुके आगे जाना होता है वह मुख्य लेन से होते हुए गुजर जाते हैं। इसी तरह कल्याणपुर से कॉर्डियोलॉजी की ओर जाने वाली सड़क पर दादी राणी मंदिर और जेके कैंसर के पहले गेट के सामने ऐसी ही लेन बनाई गई हैं। इस व्यवस्था से सामान्य वाहनों और आपातकालीन सेवाओं के बीच टकराव की स्थिति भी नहीं बनेगी। यही मुख्य लेन अब ग्रीन कॉरिडोर का काम करेगी।
कोट:::::
इस मार्ग से प्रतिदिन कई एंबुलेंस कार्डियोलॉजी या हैलट पहुंचती हैं। कई बार जाम के हालात बन जाते थे। ग्रीन कॉरिडोर लागू होने के बाद एंबुलेंस बिना रुके सीधे अस्पताल तक पहुंच सकेंगी। यातायात पुलिस की तैनाती भी बढ़ाई गई है ताकि नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके। इससे शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित हो सकेगी।
-रवींद्र कुमार, डीसीपी ट्रैफिक