सिकंदरा। कानपुर-इटावा हाईवे पर रसधान के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक की बाइक के नंबर की मदद से उसकी पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के ररौख निवासी रजनीश कुमार के रूप में कराई है। वह अपनी दादी की त्रियोदशी में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे।
ररौख निवासी राजेश कुमार ने बताया कि बेटा रजनीश कुमार (25) कानपुर नगर स्थित फैक्टरी में मजदूरी करता था। मां रामजानकी की सोमवार को त्रयोदशी थी। जिसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार रात को बेटा बाइक से कानपुर से घर आ रहा था। रसधान के पास पहुंचने पर उसकी बाइक में औरैया की ओर जा रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत पर मां कल्पना, पिता राजेश, पत्नी प्रीति, बहन रजनी व साक्षी रोने लगी। सिकंदरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। हादसा कर भागे डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।