डेरापुर। क्षेत्र के फिरोजपुर से हथूमा तक करीब 900 मीटर लंबाई में खड़ंजा मार्ग का डामरीकरण 14 माह से अटका है। वाहन सवार हिचकोले खाते सफर करने को मजबूर हैं।
लोक निर्माण विभाग को अक्तूबर 2024 में खडंजा मार्ग पर डामरीकरण का जिम्मा दिया गया था। इसके लिए ठेकेदार चयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई मगर 14 माह से डामरीकरण अटका है। ग्रामीणों का कहना है कि खड़ंजा मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बरसात में कीचड़ होता है। इससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों को परेशान होना पड़ता है। अक्षय शुक्ला, सतगुरु, रामकुमार आदि ने बताया कि डामरीकरण निर्माण खंड को कराना है लेकिन जिम्मेदार अनसुना किए हैं। हथूमा के आशुतोष तिवारी, विपिन, राहुल व रामजी ने बताया कि संदलपुर जाने के लिए डेरापुर रसधान मार्ग से चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग के जेई राम विलास ने बताया कि मार्ग निर्माण के लिए शासन से बजट नहीं मिला है। इसकी वजह से काम शुरू नहीं हो सका है।